शाजापुरः जिला मुख्यालय पर शासन-प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की मुहिम तेज कर दी है। पिछले दो दिनों से शहर में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है। पहले चरण में सभी दुकानदारों को समझाइश दी गई। इसके बाद SDM ने पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरकर अतिक्रमण हटाना शुरू किया। बस स्टैंड से लेकर नई सड़क, सोमवारिया चौक तक अभियान चलाया गया।

पक्का अतिक्रमण और दुकान के बाहर सड़क पर रखा सामान हटाया जा रहा है। जब अमला चौक पर पहुंचा तो व्यापारियों ने कड़ा विरोध जताया। व्यापारियों का आरोप है कि प्रशासन तानाशाही रवैया अपना रहा है और डरा-धमकाकर दुकान के बाहर रखा सामान हटवा रहा है।
नाराज व्यापारी बड़ी संख्या में शाजापुर विधायक अरुण भीमावद के कार्यालय पहुंचे। विधायक ने व्यापारियों की बात सुनी और कहा कि शहर अपना है, आप सब विकास में सहयोग करें। नई सड़क एकमात्र प्रमुख व्यापारिक मार्ग है, इसे हमें ही बचाना है। प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से भी निवेदन के साथ बात करने की अपील की, सख्ती न बरतने को कहा।
व्यापारी कमल शर्मा ने बताया, हम विधायक जी से मिले। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे हमारे साथ हैं। विधायक ने इस मामले में मध्यस्थता की बात कही। व्यापारियों ने कहा कि प्रशासन ने हमारा ठेला भी उठा लिया था। नाली से आगे अतिक्रमण हटना चाहिए ताकि लोगों को परेशानी न हो। विधायक कल हमारे साथ चौक में आकर स्थिति देखेंगे। वहीं प्रशासन का कहना है कि अभियान जारी रहेगा। फिलहाल व्यापारियों और प्रशासन के बीच समन्वय से समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।
शाजापुर से संवाददाता दिलीप सौराष्ट्रीय की रिपोर्ट