1. हिन्दी समाचार
  2. विदेश
  3. अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में जो बाइडेन की जीत के बाद पहली बार डोनाल्ड ट्रंप ने माना कि बाइडेन उनकी जगह ले सकते हैं

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में जो बाइडेन की जीत के बाद पहली बार डोनाल्ड ट्रंप ने माना कि बाइडेन उनकी जगह ले सकते हैं

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में जो बाइडेन की जीत के बाद पहली बार डोनाल्ड ट्रंप ने माना कि बाइडेन उनकी जगह ले सकते हैं

वॉशिंगटन: अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि वह देश में कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन कभी नहीं लगाएंगे, लेकिन यह समय बताएगा कि क्या जनवरी में कोई और प्रशासन काम संभालेगा और ऐसा करेगा? यह पहला अवसर है जब उन्होंने माना कि निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन उनकी जगह ले सकते हैं।

पिछले शनिवार को राष्ट्रपति चुनाव में बाइडेन की जीत के बाद पहली बार उन्होंने सार्वजनिक भाषण दिया। देश में रोजाना कोरोना के रिकॉर्डतोड़ मामले सामने आ रहे हैं। ट्रंप ने अपने भाषण के दौरान कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अमेरिकियों को कोरोना वायरस वैक्सीन मिल जाएगी।

व्हाइट हाउस रोज गार्डन में  ब्रॉडकास्ट टिप्पणी में ट्रंप ने कहा, ‘ हम लॉकडाउन नहीं लगाएंगे। मैं नहीं लगाउंगा। यह सरकार लॉकड़ाउन नहीं लगाएगी। भविष्य में कुछ भी हो सकता है। किसको पता है किसकी सरकार होगी। यह समय बताएगा।’ तीन नवंबर के चुनाव के बाद से, ट्रंप ने मतदान में धोखाधड़ी के आरोप लगाते रहे हैं।

उन्होंने ट्विटर पर इस तरह के दावे करना जारी रखा है, लेकिन शुक्रवार को अपनी सार्वजनिक टिप्पणी में उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा। आखिरी बार ट्रंप ने चुनाव के दो दिन बाद व्हाइट हाउस के ब्रीफिंग रूम में अपना संबोधन दिया था। उन्होंने कहा कि अगर ‘वैध’ वोटों की गिनती की गई तो वह चुनाव आसानी से जीत जाएंगे।

चुनाव सुरक्षा अधिकारियों ने ट्रंप के उन दावों को खारिज कर दिया है। इसमें उन्होंने चुनाव में धांधली के आरोप लगाए हैं। अधिकारियों ने कहा कि अमेरिकी इतिहास में सबसे सुरक्षित माने गए 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में किसी तरह का समझौता किए जाने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है।

गृह सुरक्षा विभाग की दो समितियों ने गुरुवार को कहा कि मतदान प्रणाली या मतपत्रों में हेरफेर या किसी तरह की गड़बड़ी का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। बता दें कि वोटों की गिनती फिलहाल जारी है। इस बीच बाइडन को शुक्रवार को एरिजोना में जीत मिली। इसके साथ ही उन्होंने अपना बढ़त और मजबूत कर लिया। उनके 290 इलेक्टोरल वोट्स हो गए हैं। ट्रंप को अभी तक 217 इलेक्टोरल वोट्स मिले हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...