पन्नाः पावन पर्व हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पन्ना शहर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। बाईपास स्थित श्री झोर के हनुमान मंदिर, श्री जुगल किशोर मंदिर एवं किशोर जी के हनुमान मंदिर में आयोजित भव्य पूजन एवं जन्मोत्सव कार्यक्रमों में पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह विशेष रूप से शामिल हुए।
विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने अलग-अलग मंदिरों में पहुंचकर भगवान हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। उनके आगमन पर श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन और विशेष आरती के बीच बृजेन्द्र प्रताप सिंह भी भक्तों के साथ भक्ति में लीन नजर आए।
मंदिरों को आकर्षक सजावट और रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा क्षेत्र धार्मिक उत्साह से सराबोर रहा। कार्यक्रम के दौरान विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि भगवान हनुमान सेवा, शक्ति और समर्पण के प्रतीक हैं, और उनका जीवन हमें कठिन समय में भी साहस और विश्वास बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
पन्ना से संवाददाता राजेश रावत की रिपोर्ट