भोपालः मध्यप्रदेश सरकार एक अनोखी पहल करने जा रही है। भोपाल में युवा विधायक सम्मेलन 30 और 31 मार्च को आयोजित होगा। तीन राज्यों के 55 से अधिक युवा विधायक इस सम्मेलन में शिरकत करेंगे।
खबर के मुताबिक सम्मेलन में लोकतंत्र के भविष्य पर विचार किए जाएंगे और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर मंथन होगा। इस सम्मेलन में मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के 45 वर्ष से कम उम्र के युवा जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। मध्य प्रदेश से 18, छत्तीसगढ़ से 15 और राजस्थान से 22 विधायक हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे, जबकि समापन सत्र में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह मौजूद रहेंगे। मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
बताया जा रहा है कि सम्मेलन के दौरान ‘लोकतंत्र में युवा भूमिका’ और ‘विकसित भारत @2047’ विषयों पर चर्चा होगी। युवा विधायक अपने-अपने क्षेत्रों की सफलता की कहानियां साझा करेंगे और आने वाली चुनौतियों पर बातचीत करेंगे।
विधानसभा सचिवालय के अनुसार, विधान परिषद भवन में आयोजित होने वाला यह सम्मेलन संसदीय प्रणाली और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा।