रिपोर्ट: सत्यम दुबे
प्रयागराज: पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद जीते हुए प्रत्याशियों के खुशी का ठिकाना नही रहा, तो वहीं उनके समर्थकों ने भी अपने-अपने तरीके से खुशी का इजहार किया। कोरोना महामारी की गंभीरता को देखते हुए हिदायत दी गई थी कि कोई जीता प्रत्याशी जीत का जश्न नहीं मनायेगा। बावजूद इसके नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गई। ऐसा ही एक मामला सामने आया प्रयागराज के परवा पांडेयपुर गांव से, जहां जीत का जश्न मनाते हुए ग्राम प्रधान के एक समर्थक ने तमंजे पर डिस्को करने के साथ-साथ तमंचे से फायरिंग करता हुआ दिखाई दिया था।
विडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने शनिवार को अमित उर्फ सोनू को तमंचा व कारतूस के साथ सोनार तारा तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है। अमित परवा पांडेयपुर गांव निवासी शीतला प्रसाद मिश्रा का बेटा है। पूछताछ में पता चला कि जब जीत का जश्न मनाया जा रहा था तब नवनिर्वाचित प्रधान सोनू गौतम ने नहीं बल्कि उसका साथी अमित तमंचे से फायरिंग कर रहा था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर भी अमित की पहचान हुई है। आपको बता दें कि इस मामले में प्रधान और उसके कई समर्थकों के खिलाफ भी मुकदमा कायम हुआ है। मेजा थाना क्षेत्र के परवा गांव में कई दिन पहले ग्राम प्रधान की जीत की खुशी में गांव में डीजे बजवाया गया था। इसी दौरान एक शख्स ने तमंचे से फायरिंग की और फिर बिना मास्क के शारीरिक दूरी का उल्लंघन करते हुए पाया गया था।
वायरल इस वीडियो में जानकारी दी गई थी कि प्रधान ने ही तमंचे से फायरिंग की थी। जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में इंस्पेक्टर मेजा अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि नवनिर्वाचित प्रधान अमित के दोस्त ने फायरिंग की थी। हालांकि उसे तमंचा और कारतूस कहां से मिला था, इस बारे में साफ तौर पर नहीं बता सका।