बैतूल जिले में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के अंतर्गत रविवार को शिवाजी ओपन ऑडिटोरियम में विशाल सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन, नगर पालिका, आयुष विभाग और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से योग और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों ने भाग लिया। जिलेभर से 4147 लोगों ने ऑनलाइन पंजीयन कर योगाभ्यास किया, जबकि 17 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 902 लोगों ने ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से योग में सहभागिता दर्ज की।

योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वास्थ्य और साधना का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों से कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त की। यह आयोजन देशव्यापी योग अभियान का हिस्सा रहा, जिसका उद्देश्य योग को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।