खंडवाः चेटीचंड के पावन अवसर पर भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव के उपलक्ष में सिंधी समाज द्वारा शहर में विशाल भगवा वाहन रैली निकाली गई। रैली को लेकर समाजजनों में खासा उत्साह देखने को मिला।
यह भव्य वाहन रैली शहर के दो अलग-अलग स्थानों से प्रारंभ हुई। एक रैली पदमनगर से निकली, जबकि दूसरी रैली सिंधी कॉलोनी से रवाना हुई। दोनों रैलियों का मिलन अमीर मेडिकल चौराहे पर हुआ, जहां से संयुक्त रूप से रैली ने शहर के विभिन्न मार्गों पर भ्रमण किया।
शहर में जगह-जगह सिंधी समाज की रैली का नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में भगवा ध्वज और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने भाग लिया। साथ ही विभिन्न स्थानों पर प्रसादी का वितरण भी किया गया, जिससे श्रद्धालुओं में उत्साह और बढ़ गया। रैली का उद्देश्य समाज में एकता, भाईचारा और धार्मिक आस्था को मजबूत करना रहा।