धर्मनगरी उज्जैन में विक्रम उत्सव 2026 के तहत कल 19 मार्च को शिप्रा तट पर “सृष्टि आरंभ दिवस–उज्जयिनी गौरव दिवस” का भव्य और दिव्य आयोजन होने जा रहा है। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उज्जैन में आयोजित हो रहा विक्रम उत्सव 2026 अब अपने भव्य पड़ाव की ओर बढ़ रहा है। महाराज विक्रमादित्य शोध पीठ और संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम 19 मार्च को शाम 7 बजे शिप्रा तट पर होगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह साढ़े पांच बजे “कोटि सूर्योपासना” से होगी, जिसके बाद दिनभर धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन होंगे।
शाम को होने वाले मुख्य कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध गायक विशाल मिश्रा की संगीतमय प्रस्तुति, “महादेव नदी कथा” की नृत्य-नाट्य प्रस्तुति, भव्य ड्रोन शो और आकर्षक आतिशबाजी इस आयोजन को खास बनाएंगे। साथ ही सम्राट विक्रमादित्य अलंकरण 2026 की घोषणा और विक्रम पंचांग 2083 सहित कई महत्वपूर्ण प्रकाशनों का लोकार्पण भी किया जाएगा।
उत्सव के दूसरे चरण में “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने की पहल की जाएगी। इस आयोजन में कई जनप्रतिनिधि और संत महात्मा भी शामिल होंगे, जो उज्जैन की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को वैश्विक मंच पर स्थापित करने का संदेश देंगे।