उज्जैन में पंचकोशी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आधिकारिक शुरुआत 12 अप्रैल से है, लेकिन उससे पहले ही भक्तों ने यात्रा मार्ग पकड़ लिया है।

वैशाख मास की कृष्ण दशमी से प्रारंभ होने वाली पंचकोशी यात्रा के लिए श्रद्धालु पटनी बाजार स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मान्यता के अनुसार यहां दर्शन करने से यात्रा पूरी करने का बल मिलता है। यात्रा शुरू होने से पहले ही कई श्रद्धालु पहले पड़ाव पिंग्लेश्वर तक पहुंच चुके हैं। लगभग 118 किलोमीटर की यह पैदल यात्रा पांच दिनों में पूरी होती है, जिसमें प्रदेशभर से लाखों लोग शामिल होते हैं।

भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालु सिर पर सामान लेकर भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। यात्रा के दौरान पिंग्लेश्वर, करोहन, नलवा, अम्बोदिया और उडासा जैसे प्रमुख पड़ावों पर विश्राम और पूजन किया जाएगा। प्रशासन भी यात्रा को लेकर अलर्ट है और मार्ग सहित सभी पड़ावों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट