बड़वानीः एसपी पद्म विलोचन शुक्ल ने हेलमेट अभियान की नई पहल की शुरुआत की। इसके तहत पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को ऑन ड्यूटी बाइक चलाते समय हेलमेट अनिवार्य किया है। अभियान के तहत दोपहर कोतवाली परिसर में यातयात सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित कर 202 निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। इस दौरान एसपी पद्मविलोचन ने मौजूद लोगों कहा कि हलमेट पहनकर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखे।
दरअसल एसपी ने जिलेभर के सभी पुलिसकर्मियों को दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट धारण अनिवार्यता के निर्देश जारी किए है। इस दौरान एसपी व एडिशनल एसपी सहित थाना प्रभारी व यातायात प्रभारी विनोद बघेल की मौजूदगी में योगेश्वर शिक्षा महाविद्यालय, मां रेवा हॉस्पिटल, महामृत्युंजय, संजीवनी हॉस्पिटल सहित अन्य नर्सिंग कॉलेज के सहयोग से नगर रक्षा समिति, एनसीसी, एनएसएस, आपदा मित्र, नगर पालिका स्वच्छता मित्र और मीडिया कर्मियों को हेलमेट वितरित किए। इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों को बाइक चलते समय हेलमेट पहनने व यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। इसके बाद कोतवाली से कारंजा चौक तक हेलमेट रैली निकाल जन जागरुकता फैलाई।
एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि भारत में सर्वाधिक मृत्यु के प्रमुख कारणों में सड़क दुर्घटनाएं शामिल हैं। पूर्व के आंकड़ों में भी सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर अधिक पाई गई है। उक्त स्थिति को कम करने और जनहानि रोकने के उद्देश्य से जिले के मेडिकल हॉस्पिटल्स द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए थाना कोतवाली के साथ समन्वय स्थापित कर नागरिकों को हेलमेट वितरित किए।
एसपी ने कहा कि यह पहल जिले में एक सकारात्मक संदेश देगी कि नागरिकों की सुरक्षा हेलमेट के उपयोग में निहित है। एसपी ने आमजन से कहा कि वे वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट धारण करें और स्वयं तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
बड़वानी से संवाददाता लोकेश दावदे की रिपोर्ट