लखनऊः मुख्य सचिव एवं एसजीपीजीआईएमएस के अध्यक्ष एस. पी. गोयल की अध्यक्षता में संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ की 104वीं गवर्निंग बॉडी बैठक का आयोजन लोक भवन में किया गया।
गवर्निंग बॉडी ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए एसजीपीजीआईएमएस में स्थापित होने वाले 573 बेड वाले सुपर स्पेशियलिटी एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर के लिए आवश्यक मानव संसाधन (मैनपावर) को स्वीकृति प्रदान की। यह केंद्र बच्चों के लिए विशेष एवं सुपर स्पेशियलिटी उपचार की एक महत्वपूर्ण सुविधा सिद्ध होगा। इससे उत्तर प्रदेश एवं आसपास के राज्यों के 10 करोड़ से अधिक बाल जनसंख्या को लाभ मिलेगा।
रजिस्ट्रार कर्नल वरुण बाजपेयी ने पिछली गवर्निंग बॉडी बैठकों के एजेंडा पर की गई कार्यवाही की जानकारी भी प्रस्तुत की। संस्थान की ओर से निदेशक प्रो. आर. के. धीमान, रजिस्ट्रार कर्नल वरुण बाजपेयी, प्रो. शलीन कुमार सहित गवर्निंग बॉडी के अन्य सदस्य एवं कुछ संकाय सदस्य उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त चिकित्सा शिक्षा विभाग के महानिदेशक (DGME) एवं अन्य अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे।