मध्य प्रदेश में पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस की ओर से ‘युवा स्वाभिमान Gen G Cyclothon’ का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में निकाली जा रही यह साइकिल यात्रा इंदौर से शुरू होकर भोपाल पहुंचेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 15 जुलाई को साइक्लोथॉन यात्रा भोपाल में प्रवेश करेगी। यात्रा चिरायु मेडिकल कॉलेज से बैरागढ़ और लालघाटी होते हुए दोपहर 2 बजे एलबीएस हॉस्पिटल रोड, ताजुल मस्जिद के सामने स्थित रॉयल मार्केट तिराहा सभा स्थल पहुंचेगी।
कांग्रेस की ओर से बताया गया है कि सभा के बाद कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए आगे बढ़ेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की अपील की गई है।

जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, प्रदेश और जिला पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मोर्चा संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है।
कांग्रेस का कहना है कि यह साइक्लोथॉन युवाओं के अधिकारों और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित की जा रही है। पार्टी भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के हितों से जुड़े विषयों को लेकर सरकार के सामने अपनी मांगें रखने की तैयारी में है।