सिंगरौलीः जिले के मोरवा थाना क्षेत्र से एक युवक के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में चिंता का माहौल बन गया है जानकारी के अनुसार, बगदरी निवासी आरिफ मोहम्मद मोरवा स्थित एक दुकान पर काम करता था और बीते 28 अप्रैल से उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है।
परिजनों के मुताबिक, युवक के लापता होने की जानकारी उन्हें 29 अप्रैल को दोपहर लगभग 2 बजे मिली। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। परिजनों ने रिश्तेदारों और जान-पहचान के लोगों से भी संपर्क किया, लेकिन युवक का कहीं पता नहीं चल सका। आखिरकार, निराश होकर युवक के पिता अली बक्स ने मोरवा थाने पहुंचकर अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है। मोरवा पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और युवक की खोज के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि यदि किसी को युवक के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि उसे जल्द से जल्द सुरक्षित ढूंढा जा सके।
सिंगरौली से संवाददाता अमित पाण्डेय की रिपोर्ट