रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
नई दिल्ली : महिलाओं के खिलाफ अपराध के केंद्र राजधानी दिल्ली एक और मामला संज्ञान में आया है । हालांकि,इस बार मनचलों ने किसी आम महिला पर महिला पुलिसकर्मी पर हाथ डाला है । जहां महिला के छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर हेलमेट से हमला कर दिया ।
मामला दिल्ली के द्वारका इलाके का है । जहां चलती बस में एक व्यक्ति ने 25 वर्षीय महिला पुलिस कॉन्स्टेबल के साथ छेड़खानी की और उस पर हमला कर दिया । अधिकारियों ने शुक्रवार को मामले की जानकारी दी । उन्होंने बताया कि घटना बुधवार दोपहर हुई जब पीसीआर यूनिट में तैनात एक महिला कॉन्स्टेबल बस से ड्यूटी पर जा रही थी । जहां आरोपी भी कॉन्स्टेबल के साथ क्लस्टर बस में चढ़ा और उसके पीछे खड़ा हो गया । इसके बाद उसने गलत तरीके से उसे छुआ । जब कॉन्स्टेबल ने इस पर आपत्ति जताई और चिल्लाई तो उसने हेलमेट से उस पर हमला कर दिया ।
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि घटना के वक्त कोई भी महिला कॉन्स्टेबल की मदद के लिए आगे नहीं आया । यहां तक की बस चालक और मार्शल ने भी मदद नहीं की । वहीं, बस में मौजूद चालक का कहना है कि घटना बस से बाहर हुई थी
पुलिस के मुताबिक, हमले में कॉन्स्टेबल घायल हो गई जबकि आरोपी बस से उतरकर भाग गया । महिला कॉन्स्टेबल को इलाज के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया । फिलहाल उनकी तबीयत स्थिर बतायी जा रही है। बता दें कि द्वारका के पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।