रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
तमिलनाडु : इंसान अक्सर पैसे की लालच में आकर ऐसा कदम उठा लेते हैं जो किसी के लिए मौत का सबब बन जाता है । ऐसा ही एक खौफनाक मामला सामने आया है । जहां एक अधेड़ महिला ने पैसे की लालच में आकर अपने पति को मौत के घाट उतार दिया ।
मामला तमिलनाडु के इरोड जिले के पेरुन्दुरई का है । जहां के रहने वाले 62 वर्षीय रंगराजन को उनकी ही पत्नी ने सिर्फ बीमा के पैसों की लालच में गाड़ी में जलाकर मार दिया । महिला ने अपने चचेरे भाई के साथ इस वारदात को अंजाम दिया है ।

जानकारी के मुताबिक, रंगराजन एक पावर लूम और रियल एस्टेट का कारोबार करते थे । पिछले महीने ही वह एक दुर्घटना में घायल हो गए थे और कोयंबटूर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था ।
जिस दौरान उनकी पत्नी ने रंगराजन की हत्या करने की साजिश रची । इसके बाद 55 वर्षीय आरोपी पत्नी ज्योति मणि ने अपने चचेरे भाई राजा (41) के साथ मिलकर उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज करवाया और ओमनी वैन से घर ले जाने लगे । इसी बीच दोनों ने गाड़ी में आग लगा दी । जिसमें रंगराजन की मौत हो गयी ।

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने लोगों को बताया कि वो ओमनी वैन को लेकर निकले और जब पेरुमानल्लूर के पास पहुंचे, तो उसमें आग लग गई । आग लगने के बाद दोनों ने गाड़ी से निकल कर अपनी जान बचायी, लेकिन वो रंगराजन को बाहर नहीं निकाल पाए ।
पुलिस ने जब इस मामले की जांच की तो रंगराजन की पत्नी और उसके चचेरे भाई राजा ने अलग-अलग बयान दिया । जिसके बाद पुलिस का शक गहरा गया और सख्ती से पूछताछ की । तो उन्होंने अपना अपराध कबूला ।
महिला ने बताया कि उसके पति रंगराजन ने 3 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा करवा रखा था, और उस पर 1 करोड़ का कर्ज था । उधार देने वाले लोग लगातार पैसा देने के लिए दबाव बना रहे थे । महिला के मुताबिक, उसके पति ने बीमा में उसे ही नॉमिनी बनाया था ।

ज्योति मणि और राजा का कहना है कि रंगराजन ने ही उन्हें कहा था कि वे उसे मार डालें । बीमा से मिले पैसे का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए करें । ज्योति मणि और राजा ने इसके बाद योजना बनाई और रंगराजन पर पेट्रोल डालकर वाहन में आग लगा दी ताकि यह एक दुर्घटना के रूप में दिखाई दे और 3 करोड़ रुपये की बीमा राशि उन्हें मिल जाए । बता दें कि पुलिस ने हत्या के आरोप में दोनों को गिरफ्तार कर लिया है । पुलिस मामले की जांच कर रही है ।