रिपोर्ट: सत्यम दुबे
महराजगंज: कोरोना महामारी के दूसरे लहर का कहर लगातार जारी है। कोरोना से संक्रमित मरीज ऑक्सीजन और दवाईयों की कमीं से लगातार दम तोड़ रहें हैं। महामारी के दूसरे लहर ने कई हंसते-खेलते परिवारों को तबाह कर रहा है। वहीं दूसरी तरफ यूपी के महराजगंज जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जिसे जानकर आप दंग रह जायेंगे। बीती रात भीषण सड़क हादसा हो गया। बरातियों से भरी एक कार की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार में सवार पांच बरातियों की मौत हो गई, वहीं तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक महराजगंज फरेंदा थाना क्षेत्र के करहिया पुल के पास देर रात ट्रक और एक कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के वक्त कार में आठ लोग सवार थे, जिसमें से चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे में कुल पांच लोगो की मौत हो गई है।
जबकि तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। फरेंदा थाना क्षेत्र के लीला छापर गांव से एक बारात मछली गांव थाना कैंपियरगंज जा रही थी। बारात में शामिल एक कार में आठ लोग सवार थे। कार जैसे अभी करहिया पुल के पास पहुंची ही थी कि महाराजगंज की तरफ से आ रहे एक ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. मौके पर ही चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
इस मामले में एडिशनल एसपी निवेश कटियार ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। हादसे वाली जगह से वाहनों को हटाकर रास्ते को क्लियर करवाया गया है।