पन्ना जिले के गुनोर में मंदिरों के पास संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग तेज हो गई है। नगर परिषद अध्यक्ष पति मलखान सिंह, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल तक दुकान हटाने के वादे के बावजूद कार्रवाई न होने से लोगों में आक्रोश है।
नगर परिषद अध्यक्ष अर्चना सिंह के पति मलखान सिंह सहित बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल दुकान हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि संकट मोचन हनुमान मंदिर, शिव मंदिर और पतरिया माता मंदिर जैसे आस्था केंद्रों के पास शराब बिक्री से सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। श्रद्धालुओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन द्वारा 1 अप्रैल तक दुकान हटाने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन समयसीमा बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। वहीं चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
वहीं जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य ने कहा कि इस प्रकार की शिकायतें आई हैं इन मामलों में जांच करवाई जा रही है। अगर जांच में तथ्य सही पाए गए तो दुकानों का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।
पन्ना से संवाददाता राजेश रावत की रिपोर्ट