1. हिन्दी समाचार
  2. क्राइम
  3. राजस्थान में शादी के दौरान अचानक पहुंची UP पुलिस, दूल्हे की दादी को मारी गोली, जानें क्या है मामला

राजस्थान में शादी के दौरान अचानक पहुंची UP पुलिस, दूल्हे की दादी को मारी गोली, जानें क्या है मामला

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
राजस्थान में शादी के दौरान अचानक पहुंची UP पुलिस, दूल्हे की दादी को मारी गोली, जानें क्या है मामला

रिपोर्ट: सत्यम दुबे

धौलपुर: राजस्थान से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर आप भी दंग रह जायेंगे। शुक्रवार की रात धौलपुर जिले में एक शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच इस शादी में अचानक उत्तर प्रदेश पुलिस का प्रवेश होता है। प्रवेश करते ही पुलिस कार्रवाई में जुट गई, इसी बीच पुलिस की एक गोली दूल्हे की दादी को लग गई। यूपी पुलिस ने दावा किया खुद के बचाव में हवाई फायरिंग के दौरान ये हादसा हुआ। यूपी पुलिस गौ तस्करी के सिलसिले में धौलपुर पहुंची थी।

आपको बता दें कि मामला धौलपुर के कंचनपुर थाना इलाके के कछपुरा गांव का है। यहां के रहने वाले रामेश्वर के पुत्र नीरज की शादी थी और बारात निकल रही थी। दूल्हे के साथ उसकी दादी, बहन, मां और फूफा सहित करीब 10 रिश्तेदार चल रहे थे। इसी दौरान एक गाड़ी वहां आकर रुकी, गाड़ी में से आधा दर्जन से अधिक पुलिस वाले उतरे और अचानक हवाई फायरिंग शुरू कर दी।

यूपी पुलिस की इस कार्रवाई से बारातियों और गांव वालों ने समझा कि कपड़े बदलकर लुटेरे आ गए हैं। लूट की आशंका में रामेश्वर ने गहनों से भरा बैग दूल्हे की दादी महादेवी की ओर उछाल दिया, वह उसे लपकने ही वाली थीं कि एक गोली उसके कान के पास आ लगी और महादेवी पत्नी विक्रम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

गाड़ी से पहुंचे लोगों ने दूल्हे के पिता रामेश्वर कुशवाहा, फूफा और दूल्हे के बहनोई को गाड़ी में बिठाया और वहां से रवाना हो गये। मामले की सूचना मिलने पर SP केसर सिंह शेखावत, पुलिस उप अधीक्षक विजय कुमार सिंह और कंचनपुर थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

सूत्रों की मानें तो आगरा क्षेत्र के एत्मादोला थाने में गौ तस्करी से संबंधित मामला दर्ज किया गया था, उसी मामले में आरोपी गौ-तस्करों को पकड़ने के लिए उत्तर प्रदेश की पुलिस बिना धौलपुर पुलिस को सूचना दिए इस कार्रवाई के लिए पहुंच गई।

आपको बता दें कि इस मामले में यूपी पुलिस ने दावा किया कि उन्हें कछपुरा में गौ-तस्करों के छिपे होने की सूचना मिली थी, इसलिए पुलिस वहां दबिश देने गई थी। जब वे बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश दे रहे थे, तभी वहां से दूल्हे की निकासी हो रही थी। हथियार बंद पुलिसकर्मियों को देख लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसलिए बचाव में पुलिस ने हवाई फायरिंग की थी।

वहीं घायल महिला के परिजनों का आरोप है कि पुलिस की वर्दी में लुटेरे आए थे, जिन्होंने निकासी के दौरान गोली चलाई और दूल्हे के पिता, जीजा और फूफा का अपहरण करके ले गए। जबकि धौलपुर SP केसर सिंह शेखावत ने बताया कि कछपुरा गांव में पुलिस की वर्दी में कुछ लोग पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने धरपकड़ की कोशिश की और ग्रामीणों से कहासुनी हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने फायरिंग कर दी जिसमे एक महिला घायल हो गई। इस संबंध में अभी तक आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं हुआ हैं। मामले की जांच की जा रही है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...