1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. उमंग सिंघार का सरकार पर हमला, NEET-UG 2026 पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठाए सवाल

उमंग सिंघार का सरकार पर हमला, NEET-UG 2026 पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठाए सवाल

भोपाल में उमंग सिंघार ने NEET-UG 2026 पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। कहा, छात्रों की आवाज विधानसभा तक पहुंचेगी।

By: BS Yadav 
Updated:
उमंग सिंघार का सरकार पर हमला, NEET-UG 2026 पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठाए सवाल

भोपाल में मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर NEET-UG 2026 पेपर लीक, प्रदेश की भर्ती परीक्षा व्यवस्था और उच्च शिक्षा की बदहाली को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज अब सड़कों के साथ-साथ आगामी विधानसभा सत्र में भी गूंजेगी।

भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी “छात्रों की गूंज” अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि देशभर में युवा पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, परीक्षा रद्द होने, शिक्षकों की कमी और अव्यवस्थित शिक्षा व्यवस्था से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल परीक्षाओं का नहीं, बल्कि करोड़ों छात्रों और युवाओं के भविष्य का सवाल है।

उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि NEET-UG 2026 पेपर लीक के बाद परीक्षा व्यवस्था पर छात्रों का भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर विधानसभा तक पूरी मजबूती से उठाएगी। साथ ही उन्होंने परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार, समयबद्ध भर्ती कैलेंडर लागू करने, NTA की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद डॉ. अंशुल त्रिवेदी ने बताया कि “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत 1 अगस्त को जिला कलेक्ट्रेटों पर छात्र सत्याग्रह और 9 अगस्त को “दिल्ली चलो” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर प्रधानमंत्री को खुला पत्र भेजा गया है, जिसमें सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में मेंटल हेल्थ काउंसिल तथा प्रशिक्षित काउंसलर की नियुक्ति की मांग की गई है।

प्रेस वार्ता के बाद कांग्रेस नेताओं ने भोपाल के अंबेडकर पार्क पहुंचकर परीक्षा व्यवस्था से जुड़े घटनाक्रम में जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भी हिस्सा लिया।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...