उज्जैनः आपदा के समय तुरंत मदद के लिए अब उज्जैन के युवा तैयार किए जा रहे हैं। भारत सरकार की “आपदा मित्र” योजना के तहत जिले में ट्रेनिंग का दूसरा चरण शुरू हो गया है।
गृह मंत्रालय की इस योजना के तहत मध्यप्रदेश के 11 जिलों में युवाओं को आपदा प्रबंधन की ट्रेनिंग दी जा रही है, जिसमें उज्जैन भी शामिल है। पहले चरण में 165 युवाओं को ट्रेनिंग दी जा चुकी है, वहीं अब दूसरे चरण में करीब 800 युवाओं को तैयार किया जाएगा। इस ट्रेनिंग में NSS, युवा संगठन और अलग-अलग संस्थानों के प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं।
ट्रेनिंग के दौरान SDRF, होमगार्ड और डिजास्टर मैनेजमेंट के एक्सपर्ट्स युवाओं को रेस्क्यू, फर्स्ट रिस्पॉन्स और इमरजेंसी हैंडलिंग की प्रैक्टिकल जानकारी दे रहे हैं। खास बात यह है कि ये प्रशिक्षित युवा सावन, महाकाल की सवारी, बड़े पर्व-त्योहार और आने वाले सिंहस्थ महाकुंभ जैसे आयोजनों में अहम भूमिका निभाएंगे।
इसके अलावा भूकंप जैसी अचानक आने वाली आपदा से कैसे निपटना है, इस पर भी 5 दिन का स्पेशल ट्रेनिंग सेशन रखा गया है, जिसमें स्कूलों के शिक्षक, स्टाफ और अन्य लोगों को भी शामिल किया गया है।