बड़वानीः जिला मुख्यालय पर लंबे समय से चल रहे सीवरेज कार्य से शहर की जनता में आक्रोश नजर आया। आए दिन घटनाओं के बावजूद भी जिम्मेदार प्रशासन व जिम्मेदार ठेकेदार अब तक काम में ना तो कोई सुधार कर पाया है और ना ही जिम्मेदार प्रशासन का ध्यान इस ओर है। सीवरेज निर्माण कंपनी के लापरवाह रवैये के नतीजे के चलते आए दिन शहर में घटनाएं घटित हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद भी प्रशासन की आंखें नहीं खुली है।
बता दें कि शहर में सीवरेज निर्माण कर रही कंपनी ने सड़कों पर गड्ढे तो खोद दिए हैं, लेकिन लंबे समय से इनको ऐसे ही छोड़ दिया गया है। जिससे कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। इस बार खाद से लदा ट्रक इन गड्ढ़ों में फंस गया और पलटी खाने से बच गया। देखते ही देखते जिससे पूरा मार्ग जाम हो गया और लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। वहीं घटना की जानकारी लगते ही विधायक मण्डलोई व नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष राकेशसिंह जाधव अपने विपक्षी पार्षदों के साथ मौके पर पहुंचे।
नेता प्रतिपक्ष जाधव ने सीवरेज कंपनी के खिलाफ घटिया काम का आरोप लगाया है। जाधव ने कहा कि शहर में चल रहे सीवरेज के घटिया स्तर के काम से यह 200 मीटर के दायरे में बड़े वाहन फंसने की चौथी घटना घटित हो रही है, जिसके बाद भी प्रशासन सोया हुआ है। नगर पालिका को कोसते हुए जाधव ने कहा कि पालिका अपनी जिम्मेदारी क्यों नहीं निभा रही है। जिससे नगर की जनता राहत की सांस ले सके।
बड़वानी से संवाददाता लोकेश दावदे की रिपोर्ट