पन्नाः महुआ के सीजन में उत्तर वन मंडल की विश्रामगंज रेंज घात लगाकर बैठे एक बाघ ने 35 वर्षीय रामकली पर हमला कर दिया। बाघ महिला को दबोचकर उसे घने जंगल की ओर खींचने लगा। लेकिन बाघ की दहशत पर ग्रामीणों का साहस भारी पड़ा।
वहां मौजूद 6-7 ग्रामीणों ने बाघ को भागने के बजाय उससे सीधा मोर्चा ले लिया। लाठी डंडों और ग्रामीणों के शोर के साथ हुए हमले से बाघ घबरा गया और शिकार छोड़ भाग खड़ा हुआ। ग्रामीणों ने महिला के जख्म वाली जगहों पर कपड़ा बांधकर बहते हुए खून को रोका।
गांव के लोग घायल महिला को कंधे पर लादकर 2 किमी तक पैदल चले। घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वन विभाग ने अब ग्रामीणों को जंगल में अकेले न जाने की सख्त हिदायत दी है।
पन्ना से संवाददाता राजेश रावत की रिपोर्ट