बड़वानीः शहर में लंबे समय से चल रहे सीवरेज कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है। सीवरेज कार्य के दौरान शहर की सड़कें तहस नहस हो गई। जिससे आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नगर की जनता को आए दिन धूल गुब्बार से होकर गुजरना पड़ रहा है। जिससे तमाम तरह की कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं धूल-गुब्बार से स्थानीय निवासियों में अस्थमा व एलर्जी की शिकायत होने लगी है। इस दौरान शहर के झामरिया रोड़ स्थित लक्ष्मी गेस्ट हाउस की ओर चल रहे सीवरेज कंपनी के काम से नाराज जनता में आक्रोश नजर आया। स्थानीय लोगों ने सीवरेज कंपनी के इंजीनियर को मौके पर खरी खोटी सुनाई। वहीं नगर की जनता में आक्रोश को देखते हुए इंजीनियर समझाइश देते नजर आया।
लापरवाही के साथ हो रहे काम के चलते कई गाड़ियां इसमें फंसती नजर आ रही हैं, जिससे किसी तरह की भी घटना घटित हो सकती है। वहीं पेयजल की लाइने भी टूटी पड़ी है लोगों को किराए के टैंकर बुलाकर प्यास बुझानी पड़ रही है। स्थानीय निवासी गुलाब का कहना है कि सीवरेज कार्य के दौरान घर की पेयजल लाइन तोड़ दी गई हैं जिससे घरों की पेयजल की सफ्लाई नहीं हो रही है। ऐसे में महंगे दामों में किराए के निजी पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। शिकायत के बावजूद भी किसी ने ध्यान नहीं दिया।
आक्रोशित लोगों का कहना है कि अगर लापरवाह कम्पनी के द्वारा नगर में इसी तरह से कार्य चलता रहा तो वह दिन दूर नहीं जब नगर की जनता को उग्र आंदोलन करने के लिए सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
बड़वानी से लोकेश दावदे की रिपोर्ट