रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
हरियाणा : गुरुग्राम में युवती को एयरहोस्टेस की नौकरी दिलाने का झांसा देकर हवस का शिकार बनाने का मामला सामने आया है । आरोपी ने महिला से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये भी ऐंठे । महिला ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया है । पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है ।
बताया जा रहा है कि महिला मूलरूप से उत्तराखंड की रहने वाली है । 21 वर्षीय युवती उत्तराखंड से गुरुग्राम एयरहोस्टेस की नौकरी की तलाश में आयी थी । इसी दौरान महिला की मुलाकात उसकी पुरानी सहेली से हुई । उसकी सहेली ने अभिजीत नामक युवक से मिलवाया । अभिजीत ने युवती को एयरहोस्टेस की नौकरी दिलवाने का का झांसा देकर युवती से 1.23 लाख रुपये ठग लिए । आरोपी युवती को डीएलएफ फेज-तीन के यू ब्लॉक ले गया । जहां उसने सिंतबर 2020 में महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया । जब युवती ने होश आने पर उसके खिलाफ शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने उसे धमकाया और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी । जिसके बाद डरा धमकाकर लगभग तीन महीने तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा ।
युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई । पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि अभिजीत ने उसके घर पर पार्टी करना शुरू कर दिया । कई बार मना किया, लेकिन वह नहीं माना । आरोपी उसकी सहेलियों से भी संबंध बनाने के लिए उस पर दबाव डालता था । विरोध करने पर अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था । जब युवती ने आरोपी से अपने रुपये मांगे तो उसने जान से मारने की धमकी भी दी थी ।
सेक्टर-51 महिला थाना एसएचओ, गरिमा ने मामले की जानकारी दी । उन्होंने बताया ”युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है । आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है । जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा । पीड़ित की महिला दोस्त से भी पूछताछ की जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है ।”