टीकमगढ़ः जिले में लोकायुक्त की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक वनरक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
कुंडेश्वर बीट में पदस्थ वनरक्षक अरुण अहिरवार पर उत्तर प्रदेश लकड़ी ले जाने की अनुमति देने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। यह कार्रवाई सागर लोकायुक्त पुलिस ने ललितपुर निवासी लकड़ी व्यापारी अरबाज खान की शिकायत पर की।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, वनरक्षक हर महीने 20 हजार रुपये की मांग करता था और पैसे न देने पर कार्रवाई की धमकी देता था। इतना ही नहीं, पहले भी पैसे न देने पर उसका लकड़ी से भरा वाहन जब्त कर लिया गया था और छोड़ने के लिए 10 हजार रुपये मांगे गए थे।
परेशान होकर व्यापारी ने लोकायुक्त पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर टीकमगढ़ के मिश्रा तिराहे पर आरोपी वनरक्षक को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
टीकमगढ़ से संवाददाता मनीष यादव की रिपोर्ट