रिपोर्ट – पल्लवी त्रिपाठी
गुजरात : कोरोना संकट में भी महिलाओं के खिलाफ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। हर दिन महिलाओं के साथ छेड़छाड़, बलात्कार, हत्या के मामले सामने आते ही रहते हैं। ऐसा ही एक मामला गुजरात से सामने आया है। जहाँ दरिंदों ने घर लौट रही एक महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया। जिसके बाद बेदर्दी से महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है।
अहमदाबाद के ओल्ड सिटी इलाके से महिला अपने घर जा रही थी। जिस दौरान दरिंदों ने महिला को बीच रास्ते में रोका और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। जिसके बाद महिला की हत्या कर दी। एसपी के मुताबिक, 17 अप्रैल को ओल्ड सिटी इलाके में महिला का शव सड़क किनारे मिला था। शव मिलने की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां से बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। साथ ही महिला के परिजनों की तलाश की गयी।
अटोप्सी रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला के साथ पहले तो सामूहिक बालात्कार किया गया और फिर उसके सिर और निजी अंगों को भी काफी नुकसान पहुंचाया गया। महिला के शरीर पर कई चोट के निशान भी मिले।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद 19 अप्रैल को मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इस घटना में कुछ और लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।