बैतूल जिले के आठनेर थाना परिसर में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां थाना परिसर में विराजित हनुमान दद्दा मंदिर में भव्य सुंदरकांड का आयोजन किया गया।
थाना प्रभारी विजय सिंह ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस विभाग के मांगीलाल ठाकुर, दिनेश धुर्वे, निर्मल सिंह पंवार, मनीष पटेल, प्रवीण धुर्वे, गंभीर सिंह रघुवंशी, बीरबल मीणा, पंकज वटके, गिरराज और कंचन चोरे सहित समस्त पुलिस स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
सुंदरकांड के पाठ के साथ भजन-कीर्तन ने पूरे थाना परिसर को भक्तिमय बना दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में सुख-शांति और सद्भाव बनाए रखना है। इसी दिन आठनेर नगर में ईद-उल-फितर का पर्व भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिससे क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता की मिसाल देखने को मिली।
कार्यक्रम में भैंसदेही अनुभाग के एसडीओ भूपेन्द्र सिंह मौर्य भी पहुंचे और उन्होंने इस आयोजन की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी। पुलिस विभाग द्वारा श्रद्धालुओं के लिए दाल-बाटी प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें सभी पुलिसकर्मियों ने स्वयं भोजन परोसकर सेवा भाव का परिचय दिया।
नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन में शामिल हुए और पुलिस विभाग के इस प्रयास की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। यह आयोजन आस्था, सेवा और सद्भाव का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।