धारः धामनोद स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित दो दिवसीय विकासखंड स्तरीय पुस्तक मेले का रविवार को समापन हुआ। शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन की रुचि विकसित करना तथा गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री को सुलभ दरों पर उपलब्ध कराना रहा।
मेले में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ उनके अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में पहुंचे विद्यार्थियों ने अपनी रुचि अनुसार पाठ्य पुस्तकों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित किताबों, बाल साहित्य, सामान्य ज्ञान एवं अन्य उपयोगी पुस्तकों की खरीदारी की। विशेष बात यह रही कि सभी पुस्तकें बाजार मूल्य की तुलना में रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गईं, जिससे अभिभावकों को आर्थिक रूप से भी राहत मिली।
पुस्तक मेले में विभिन्न प्रकाशकों एवं विक्रेताओं द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां विद्यालयी पाठ्यक्रम की पुस्तकों के साथ-साथ स्कूल यूनिफॉर्म भी उपलब्ध कराई गई। इससे विद्यार्थियों को एक ही स्थान पर आवश्यक शैक्षणिक सामग्री प्राप्त करने में सुविधा हुई।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ ज्ञान के दायरे को विस्तारित करने में सहायक सिद्ध होते हैं। मेले के दौरान शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को अच्छी पुस्तकों के चयन हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया।
धार से संवाददाता सौभाग प्रजापति की रिपोर्ट