उज्जैन रेलवे स्टेशन के पास सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब वंदे भारत एक्सप्रेस पर अज्ञात युवकों ने पथराव कर दिया। यह घटना गदा पुलिया और नीलगंगा ट्रैक के बीच बताई जा रही है, जहां ट्रेन गुजर रही थी।
पथराव के दौरान ट्रेन के C-6, C-7, C-8, C-9 और E-1, E-2 कोचों के शीशे टूट गए। अचानक हुए हमले से यात्रियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, हालांकि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक ट्रेन आने से पहले ट्रैक के आसपास घूमते दिखाई दे रहे हैं। जैसे ही ट्रेन पास आई, उन्होंने पथराव शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। उप निरीक्षक जयवीर सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए।
रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। रेल प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद हाईस्पीड ट्रेनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही दोषियों को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।