पन्नाः जनपद में पुलिस और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां के जंगलों में अवैध पत्थर उत्खनन रोकने गई वन विभाग की टीम पर न केवल हमला किया गया, बल्कि पकड़ा गया ट्रैक्टर-ट्रॉली भी रसूखदारों की शह पर लूट लिया गया।
आरोप है कि धरमपुर रेंज की पिस्टा बीट में कार्रवाई के दौरान वनपाल महीप कुमार के साथ हाथापाई की गई और उनकी वर्दी फाड़ने की कोशिश हुई। बताया जा रहा है कि पत्थर माफिया लखन लाल पाण्डेय और उसके साथियों ने सरकारी कर्मियों से मोबाइल और ट्रैक्टर की चाबी छीन ली गई। सबसे गंभीर आरोप कांग्रेस नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी भरत मिलन पाण्डेय पर लगे हैं।
वनकर्मियों के अनुसार, कांग्रेस नेता ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को भगाया और स्टाफ को ‘देख लेने’ की धमकी दी। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर अजयगढ़ थाने में शिकायत दी है। सवाल यह है कि जब रक्षक ही भक्षकों के साथ खड़े हो जाएंगे, तो पन्ना की संपदा को कौन बचाएगा?
पन्ना से संवाददाता राजेश रावत की रिपोर्ट