पन्ना जिले के प्रसिद्ध मसान बब्बा मंदिर में आस्था के घंटों पर हाथ साफ करने वाले दो ‘सपेरों’ को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला सिमरा कला ग्राम का है, जहां 8 अप्रैल को मंदिर से भारी मात्रा में पीतल के घंटे चोरी होने से हड़कंप मच गया था। लेकिन चोरों की यह ‘नागिन चाल’ पन्ना पुलिस के आगे ज्यादा देर टिक नहीं पाई। मुखबिरों के जाल और पुलिस की तत्परता ने महज 24 घंटे के भीतर कटनी के रहने वाले दो आरोपियों रविंद्र सपेरा और संदीप सपेरा को धर दबोचा।
पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए 29 नग घंटे बरामद किए हैं। जिनकी कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। पवई थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
पन्ना से संवाददाता राजेश रावत की रिपोर्ट