बिहार के सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चंचौरा पंचायत में रविवार देर रात अपराधियों ने पंकज कुमार राय की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक वर्ष 2024 के चर्चित वकील पिता-पुत्र हत्याकांड का गवाह था, जिससे पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है।
सोमवार सुबह घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने शव के साथ छपरा-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी रामपुकार सिंह समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच और छापेमारी अभियान शुरू कर दिया।

पुलिस ने पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
सड़क जाम के कारण छपरा-पटना मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस लोगों को समझाने और स्थिति सामान्य करने में जुटी रही।