बॉलीवुड इंडस्ट्री में कई ऐसी जोड़ियां हैं, जिन्हें हर कोई फिल्मी पर्दे पर एक साथ देखना चाहता है और इस जोड़ी में सलमान खान और शाहरुख खान का नाम भी शामिल है।
आज भी फिल्म प्रेमी सलमान खान और शाहरुख खान को एक साथ पर्दे पर देखना पसंद करते हैं। कई सालों से दोनों ने साथ में फिल्म तो नहीं की है, लेकिन ऐसा कई बार हुआ है, जब दोनों एक दूसरे की फिल्म में कैमियो करते नज़र आए हैं। अब ऐसा ही मौका एक बार आने वाला है, जब आप दोनों सुपरस्टार्स को एक फिल्म में देख पाएंगे। यह वाकई में खास बात है। इससे फैंस की खुशी दोगुनी हो गई है।

हालांकि, शाहरुख खान ने आधिकारिक रूप से अपनी अगली फिल्म के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताया है। ऐसी चर्चा है कि उनकी अगली फिल्म ‘पठान’ है, जिसमें जॉन अब्राहम खलनायक के रोल में नजर आएंगे और दीपिका पादुकोण फिल्म में मुख्य हीरोइन होंगी। अब इस फिल्म से एक बड़े स्टार सलमान खान के जुड़ने की खबर आ रही है।
खबरों की मानें तो सलमान इस फिल्म में एक केमियो रोल कर रहे हैं। सलमान ने पिछली बार शाहरुख की फिल्म ‘जीरो’ में केमियो रोल किया था। वह शाहरुख के साथ फिल्म में एक गाने में डांस करते नजर आए थे। बीते एक दशक से दोनों सितारे एक-दूसरे की फिल्म में केमियो रोल निभाते आ रहे हैं।
सलमान ने शाहरुख की फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’, ‘ओम शांति ओम’ में केमियो रोल निभाया था, वहीं शाहरुख ने सलमान की फिल्म ‘हर दिल जो प्यार करेगा’, ‘ट्यूबलाइट’ में केमियो रोल किया था। खबर है कि शाहरुख खान इस महीने फिल्म की शूटिंग शुरू कर सकते हैं।