बड़वानी: नर्मदा नदी से पांच किमी दूर बसे इस शहर में गर्मी शुरु होने से पहले ही भीषण जल संकट की समस्या पैदा हो गया है। बीते सप्ताह से पेयजल सप्लाई असमय होने से लोग पानी के लिए तरसने लगे हैं। वहीं जिम्मेदार इस मामले को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। पेयजल की किल्लत के बीच नगर पालिका के टैंकरों की कमी और आमजन की समस्या देखते हुए विधायक राजन मंडलोई द्वारा अपनी निधि से ग्रामीण क्षेत्रों में वितरण के लिए कार्यालय परिसर में खड़े किए 5-6 टैंकरों को शहर में जल वितरण में लगा दिया।
विधायक सहित कांग्रेसी पार्षद राकेशसिंह जाधव, मुजीब कुरैशी, हेमंत कुमावत, बाबूभाई धनगर, विष्णु बनडे, राजू गोले आदि द्वारा पालाबाजार से टैंकर भरवाकर विभिन्न वार्डों में पहुंचाए। वहीं इस दौरान नगर पालिका के भी पांच-छह टैंकर पालाबाजार स्थित कुएं से भरकर विभिन्न वार्डों में पहुंचते दिखाई दिए।
नगर पालिका मे नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने कहा कि नर्मदा के पास बसे शहर के अधिकांश वार्ड में गर्मी का दौर शुरु होते ही पेयजल संकट शुरु हो गया हैं। जिम्मेदारों का इस ओर ध्यान नहीं हैं। लोग पानी के लिए भटक रहे हैं। इस समस्या को देखते हुए विधायक द्वारा वितरण किए जाने वाले टैंकरों को शहर के वार्डां में भेजकर लोगों को पानी की पूर्ति करवा रहे हैं।
जाधव ने कहा कि मंगलवार को उन्होंने फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया था, जहां पानी में पक्षियों के पर और गंदगी मिलने पर जिम्मेदारों को सूचित किया था, जिस पर तत्काल सफाई कराई जाए। उन्होंने नपा से मांग की हैं कि शहर में हो रही पेयजल समस्या का जल्द निराकरण निकाला जाए।
नगर पालिका के जल प्रभारी मुन्नालाल चौहान ने बताया कि दो दिन पूर्व हवा-आंधी से शार्ट सर्किट होने से 125 एचपी की दो विद्युत मोटर जल गई थी। इसके बाद स्टैंडबाय पर रखी मोटर भी शॉर्ट सर्किट से जल गई। जिससे शहर की 50 प्रतिशत पेयजल व्यवस्था पर असर पड़ा है।