भोपालः मध्यप्रदेश विधानसभा में पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जयवर्द्धन सिंह ने सहारा इंडिया समूह में फंसे निवेशकों के पैसे का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के 9 लाख से ज्यादा निवेशकों का करीब 6,689 करोड़ रुपये फंसा है, जिसमें से अब तक सिर्फ 355 करोड़ यानी लगभग 5 प्रतिशत ही लौटाया गया है। जयवर्द्धन सिंह ने सरकार से पूछा कि बाकी 95 प्रतिशत राशि कब तक लौटाई जाएगी।
भोपाल में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सदन में अधूरी और भ्रामक जानकारी दी गई और सहारा समूह से जुड़ी कई एफआईआर की जानकारी छिपाई गई। उन्होंने सभी लंबित दावों की जांच, निवेशकों को जल्द भुगतान और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। जयवर्द्धन सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश के पीड़ित निवेशकों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।