नई दिल्ली : कहा जाता है कि लिट्टी बिहार का फेवरेट व्यंजन है, जिसे लेकर एक बहुत सुंदर कहावत भी प्रचलित है, की जो न खाईलश, ऊ पाइलश धोखा। यानी की जिसने बिहार का लिट्टी ना खाया हो, उसे धोखा मिल सकता है। हालांकि यहां लिट्टी ने एक शादी में बवाल मचा दिया, जिससे गोली चल गई। और इस गोलीबारी में एक शख्स की मौत, जबकि 3 घायल हो गए।

यह घटना गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना के नरकटिया गांव की है। जहां आई बारात में खाना खिलाने के दौरान हुए विवाद में चली गोली से 4 लोग घायल हो गए। जिनमें एक की मौत घटना स्थल पर ही हो गई थी। मृतक का नाम राजेन्द्र सिंह बताया जा रहा है।
वहीं इस हादसे में घायल में रोहित ने बताया कि, “बारातियों में खाना चलाने के दौरान विवाद हुआ तो उस व्यक्ति ने गोली चला दी। गोली लगने से मेरे पिता, दो भाई और एक अन्य सहित चार लोग घायल हो गए हैं।”

घायल रोहित का कहना है कि उस वक्त खाने में चावल और चिकन चल रहा था। गोली मारने वाले व्यक्ति ने कहा कि लिट्टी और चिकन पहले चलेगा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया।
इसी गांव के अभिषेक सिंह के मुताबिक शादी का कार्यक्रम चल रहा था जिसमें खाने के दौरान विवाद हो गया। इसी विवाद के दौरान आरोपी ने गोली चला दी जिसमें राजेंद्र सिंह की मौत हो गई है। वहीं राहुल कुमार सिंह, रिपु कुमार सिंह और रोहित कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें उचित इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल से गोरखपुर भेजा गया है।

घायलों ने बताया कि नरकटिया गांव के ही मुंद्रिका सिंह के लड़के राजन सिंह ने अपनी पिस्तौल से गोली मार दी है। हालांकि घायलों के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। अब देखना यह है कि इस घटना में शामिल मुंद्रिका सिंह के बेटे को बिहार पुलिस कितना जल्द गिरफ्तार करती है।