निवाडी/ओरछाः रामनवमी पर्व को लेकर ओरछा में प्रशासन ने यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था लागू की है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कई मार्गों पर डायवर्जन किया गया है।
ओरछा मार्ग को पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। झांसी, टीकमगढ़ और अन्य स्थानों से आने वाले भारी वाहन जैसे बस और ट्रक निवाड़ी बायपास होकर ही गुजरेंगे। वहीं हल्के वाहन भी निर्धारित डायवर्जन रूट का ही उपयोग करेंगे।
पार्किंग की बात करें तो झांसी, निवाड़ी और ओरछा की ओर से आने वाले बड़े वाहन आजाद पार्क में पार्क होंगे। कार और मोटरसाइकिल जैसे हल्के वाहनों के लिए होटल राजमंदिर और थाना परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
वीआईपी वाहनों के लिए नकटाबायपास के पास स्थित विराट होम स्टे में पार्किंग तय की गई है। वहीं टीकमगढ़ और पृथ्वीपुर से आने वाले वाहन सेंचुरी पार्किंग और ललितपुर, झांसी, बबीना और चकरपुर मार्ग से आने वाले वाहन लक्ष्मी मंदिर पार्किंग में खड़े किए जाएंगे।
प्रशासन ने सभी वाहन चालकों और बस-ट्रक ऑपरेटरों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।