रिपोर्ट: सत्यम दुबे
पटियाला: उधमपुर से प्रयागराज जा रही स्पेशल ट्रेन (प्रयागराज-उधमपुर एक्सप्रेस) 04142 में सरहिंद रेलवे स्टेशन से पहले लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। नौ लूटेरों ने चाकू और बरछे-भाले की नोक पर 20 यात्रियों से मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। लूटेरों द्वारा वारदात को अंजाम देते वक्त कुछ यात्रियों ने होशियारी दिखाई और एक बदमाश को पकड़ लिया। जबकि बाकी आठ रास्ते में ही ट्रेन की चेन पुलिंग कर फरार हो गए।
आपको बता दें कि यात्रियों ने जीआरपी को बताया कि शनिवार रात ट्रेन लुधियाना रेलवे स्टेशन पर रुकी थी। यहीं से निहंगों की वेशभूषा में कोच नंबर डी-7 में निहंग की वेशभूषा में नौ युवक ट्रेन में चढ़े। जैसे ही ट्रेन ने रफ्तार पकड़ी सभी आरोपी यात्रियों के पास आकर बैठ गए। लगभग 15 मिनट बाद कोच में चीख पुकार मच गई।
उन्होने आगे बताया कि ट्रेन सरहिंद रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली थी कि आरोपियों ने चाकू और बरछे-भाले की नोक पर ट्रेन में मौजूद यात्रियों से महंगे मोबाइल फोन व नकदी छीनना शुरू कर दिया। इसी दौरान यात्रियों ने एक लुटेरे को काबू कर लिया। लुटेरों ने साथी को छुड़ाने का प्रयास भी किया, लेकिन वे साथी लुटेरे को छुड़ाने में नाकाम रहे। इसके बाद वे राजपुरा रेलवे स्टेशन से पहले साधुगढ़ और सराय बंजारा स्टेशन के बीच चेन खींचकर ट्रेन को रोक दिया और कूद कर फरार हो गए।
एक यात्री ने बताया कि जब वारदात हुई तब वह सो रहा था। किसी ठंडी वस्तु ने जब उसकी गर्दन को छुआ तो वह जाग गया। उसने देखा की मुंह पर कपड़ा बांधे कुछ युवक हाथों में तलवार लिए खड़े थे। बोले कि जो कुछ भी है वो निकालकर हमें दे दो, वरना मारे जाओगे। आरोपियों ने उससे एक हजार रुपये लूट लिए। लुटेरों के आगे जाते ही उसने ट्रेन के शौचालय में छिपकर खुद को बचाया और इसके बाद मामले की जानकारी ट्रेन टीटीई और सुरक्षा एजेंसियों को दी।
जबकि टीटीई अरविंद बालियान ने बताया कि लूटपाट के बाद ट्रेन लगभग 7 मिनट साधुगढ़ और सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के बीच खड़ी रही। लुटेरों के एक साथी को पकड़ने के बाद यात्रियों की मदद से सभी कोच के दरवाजे बंद कर दिए गए। लुटेरों ने अपने साथी को छुड़ाने का भरसक प्रयास भी किया। ट्रेन चालक को सूचना देकर तुरंत ट्रेन चलवाई गई और इस कारण लुटेरे अपने साथी को छुड़वाने में कामयाब नहीं हो पाए।
आपको बता दें कि पकड़े गए लुटेरे की पहचान अनमोल के रुप में हुई है, जो अमृतसर का रहने वाला है। उसकी शिनाख्त पर पंजाब जीआरपी ने 5 युवकों को रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया है। मामला मंडल के अधीन सरहिंद स्टेशन के नजदीक हुआ था, इसलिए आरपीएफ भी अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी GRP बिलायती राम ने बताया कि ट्रेन में लूटपाट की सूचना मिली थी। आरपीएफ व जीआरपी ने संयुक्त तौर पर कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल एक आरोपी को ट्रेन से काबू किया। आगामी कार्रवाई के लिए आरोपी को पंजाब जीआरपी अपने साथ ले गई है। जो दो यात्री घायल हुए थे उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। मामले की आगामी कार्रवाई सरहिंद जीआरपी कर रही है।