बुरहानपुरः जिले की ग्राम पंचायत मोहम्मदपुरा के अंतर्गत महाजन कॉलोनी में बन रही सड़क को लेकर विवाद गहरा गया है। मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत किए जा रहे इस निर्माण कार्य पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस स्थान पर सड़क बनाई जा रही है, वह एक अवैध निजी कॉलोनी है, जिसे अब तक पंचायत को हैंडओवर नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि यह भूमि पूर्व में कृषि थी, जिसे एक कॉलोनाइजर द्वारा प्लॉट काटकर बेचा गया। ऐसे में पंचायत को यहां कोई राजस्व प्राप्त नहीं होता, फिर भी सड़क निर्माण किया जा रहा है।
विवाद का दूसरा बड़ा मुद्दा निर्माण की गुणवत्ता को लेकर है। इस्टीमेट के अनुसार सड़क की मोटाई 8 इंच निर्धारित है, लेकिन मौके पर केवल लगभग 4 इंच मोटाई का निर्माण किए जाने का आरोप है। क्षेत्रवासियों ने इसे खुला भ्रष्टाचार बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई है। शासकीय इंजीनियर जगदीश देवड़े ने निरीक्षण के बाद स्वीकार किया कि निर्धारित 8 इंच के बजाय कम मोटाई का निर्माण पाया गया है। उन्होंने पंचायत को नोटिस जारी कर जांच और कार्रवाई की बात कही है।
वहीं जनपद सीईओ संजय सिंह ने मामले की जांच कराने की बात कही है। हालांकि अवैध कॉलोनी में निर्माण को लेकर दिए गए उनके बयान ने नए सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि शासन के निर्देशों के अनुसार कॉलोनी के विधिवत हैंडओवर से पहले मूलभूत सुविधाएं प्रदान नहीं की जा सकतीं।