ड्रग्स मामले में जेल में बंद एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती के भाई शौविक चक्रवर्ती ने जमानत याचिका दाखिल की है। शौविक ने मुंबई की विशेष एनडीपीएस अदालत में यह अर्जी दाखिल की है।
इससे लगभग एक महीने पहले मुबंई उच्च न्यायालय ने शौविक की जमानत याचिका को खारिज कर दिया था। उन्हें नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया था।
विशेष एनडीपीएस अदालत के समक्ष दायर जमानत अर्जी में, शौविक ने हाल ही में दिए उच्चतम न्यायालय के आदेश का जिक्र किया है। जिसमें अदालत ने कहा था कि एनसीबी अधिकारियों के समक्ष दिए गए बयानों को स्वीकार नहीं किया जा सकता है, इसलिए उन्हें सलाखों के पीछे रखने का कोई कारण नहीं है।
बता दें कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट की तीन-न्यायाधीशों की एक पीठ ने दो-एक के मत से एक आदेश पारित किया। जिसमें कहा गया है कि एनडीपीएस एक्ट की धारा 67 के तहत दर्ज किए गए आरोपियों के बयानों को ट्रायल के दौरान इकबालिया बयान के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। ऐसे मामलों में ठोस सबूतों की जरूरत होगी।
एक महीने पहले बॉम्बे हाई कोर्ट ने शौविक की बेल को रिजेक्ट कर दिया था। वहीं रिया चक्रवर्ती को बेल दे दी गई थी। दोनों को एनसीबी ने सितंबर महीने में ड्रग्स केस में गिरफ्तार किया था।