सीहोरः बुधनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जर्रापुर स्थित मां नर्मदा तट पर बने गुंजारी-नर्मदा संगम घाट और प्राचीन मंदिर का अब कायाकल्प होने जा रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल की पहल पर इस ऐतिहासिक स्थल के जीर्णोद्धार कार्य शुरू हो चुके हैं, जिन्हें जनसहयोग से आगे बढ़ाया जा रहा है।
बताया जाता है कि यह मंदिर करीब 500 वर्ष पुराना है और इसका निर्माण मुगलकाल में हुआ था। लंबे समय से उपेक्षा के कारण मंदिर और घाट जर्जर हो गए थे और अपनी पहचान खोते जा रहे थे। हाल ही में मंत्री प्रहलाद पटेल के बुधनी दौरे के दौरान इस स्थल की स्थिति सामने आई, जिसके बाद उन्होंने इसके विकास का संकल्प लिया।
मंत्री पटेल ने स्थल पर पहुंचकर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर चुनरी अर्पित की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गुंजारी-नर्मदा संगम घाट धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां गुंजारी नदी का संगम मां नर्मदा से होता है, वहीं स्थित प्राचीन राधाकृष्ण मंदिर और गुंजारी आश्रम का उल्लेख नर्मदा पुराण में सिद्ध स्थल के रूप में किया गया है।