1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. रेलवे विस्तार का फरमानः 250 से अधिक परिवारों को बिना पुनर्वास बेघर करने की तैयारी!

रेलवे विस्तार का फरमानः 250 से अधिक परिवारों को बिना पुनर्वास बेघर करने की तैयारी!

स्थानीय निवासियो ने चेतावनी देते हुए कहा कि पहले पुनर्वास करो, फिर खाली करेंगे मकान। उन्हें मकान के बदले मकान चाहिए।

By: Naredra 
Updated:
रेलवे विस्तार का फरमानः 250 से अधिक परिवारों को बिना पुनर्वास बेघर करने की तैयारी!

बुरहानपुरः जिले के नेपानगर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित संजय नगर में रेलवे लाइन विस्तार ने 250 से अधिक परिवारों की जिंदगी को अनिश्चितता का साया डाल दिया है।

रेलवे विभाग द्वारा जारी नोटिस में साफ कहा गया है कि सभी रहवासियों को 30 दिनों के भीतर अपने मकान खाली करने होंगे। इस आदेश के बाद पूरे इलाके में डर और बेचैनी का माहौल है। लोग अपने बच्चों और परिवार के भविष्य को लेकर गहरी चिंता में डूबे हैं।

यह जमीन करीब 60 वर्ष पहले नेपा लिमिटेड द्वारा रहवासियों को बसने के लिए दी गई थी। तब से लेकर आज तक किसी ने पक्का मकान बनाया, किसी ने दो मंजिला घर खड़ा किया, तो किसी ने कच्चे घर में ही अपना आशियाना बसाया। अब अचानक आए नोटिस ने इन मेहनतकश परिवारों के सपनों को हिला कर रख दिया है।

स्थानीय निवासियो ने चेतावनी देते हुए कहा कि पहले पुनर्वास करो, फिर खाली करेंगे मकान। उन्हें मकान के बदले मकान चाहिए। अजय रघुवंशी कांग्रेस नेता और कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष रवेंद्र रविंद्र महाजन एवं अन्य लोगों ने प्रशासन से साफ कहा है कि वे विकास कार्य में बाधा नहीं बनना चाहते, लेकिन बिना पुनर्वास के घर खाली करना उनके लिए असंभव है।

स्थानीय निवासियों की मांगें हैं कि जितनी जमीन अभी है, उतनी ही जमीन वैकल्पिक स्थान पर दी जाए। मकानों का वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार मुआवजा मिले। नया घर बनाने के लिए कम से कम 6 महीने का समय दिया जाए। नई जगह पर पहले से रोड, नाली, बिजली, पानी और शौचालय की पूरी व्यवस्था हो। मजदूर, गरीब, हरिजन, आदिवासी और अल्पसंख्यक सभी समुदाय एकजुट होकर प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं। अगर प्रशासन ने जल्द ही संतोषजनक समाधान नहीं दिया, तो यह मुद्दा बड़ा जनआंदोलन बन सकता है।

बुरहानपुर से संवाददाता राजवीर राठौर की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...