रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
पंजाब : क्या आपने कभी सुना है कि पुलिस ने किसी कबूतर के खिलाफ कभी एफआईआर दर्ज की हो। आप सोच रहे होंगे ये कैसा सवाल है। लेकिन ऐसा ही एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहाँ पंजाब पुलिस ने एक कबूतर के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है।
दरअसल, पंजाब में पुलिस ने एक संदिग्ध कबूतर पकड़ा है। कबूतर पंजाब में इंटरनेशनल बॉर्डर के पास उस वक्त पकड़ा गया, जब वह उड़ता हुआ बीओपी रोरनवाला के पास ड्यूटी पर तैनात एक कॉन्स्टेबल के पास आया। बताया जा रहा है कि कबूतर के पैर में एक कागज का टुकड़ा बंधा हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने कबूतर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
इंडिया टुडे में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, काले और सफेद रंग के इस कबूतर को 17 अप्रैल की शाम को पकड़ा गया था, जब वह उड़ता हुआ आया और चौकी पर कैंप गार्ड की ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल नीरज कुमार के कंधे पर बैठ गया। जानकारी के मुताबिक, यह चौकी पाकिस्तान से लगी सीमा से 500 मीटर की दूरी पर स्थित है।
एफआईआर की कॉपी के अनुसार, कांस्टेबल ने तुरंत कबूतर को पकड़ लिया और पोस्ट कमांडर ओमपाल सिंह को इसकी सूचना दी। इसके बाद उन्होंने कबूतर की जांच की। कबूतर के पैर से टेप के सहारे एक संदिग्ध कागज लिपटा हुआ था, जिस पर एक नंबर लिखा था। हालांकि, उस नंबर की जानकारी नहीं दी गई है। जिसके बाद कबूतर के खिलाफ अमृतसर के कहागढ़ पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्राथमिकी में कबूतर की पहचान उसके रंग से की गई। उसका सिर काला है और पूरा शरीर सफेद है। आपको बताते चलें कि साल 2020 में जम्मू-कश्मीर के कठुआ में भी ऐसा ही मामला देखने को मिला था। जहां पाकिस्तान की जासूसी करने के आरोप में एक संदिग्ध कबूतर को इंटरनेशनल बोर्डर के पास से शिकंजे में लिया गया था।