सीहोरः मध्य प्रदेश में महिला उत्पीड़न के मामलों को लेकर सियासत तेज हो गई है। अब इसका असर बुधनी में भी देखने को मिल रहा है। बुधनी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस प्रदेश महासचिव कंचन शर्मा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
कंचन शर्मा ने कहा कि सरकार “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा तो देती है, लेकिन जमीनी हकीकत में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों के नाम सामने आते हैं। लेकिन कार्रवाई नहीं होती, जिससे पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पाता है।
कंचन शर्मा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा अब गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है। उन्होंने आदिवासी महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचारों को भी उठाया और त्वरित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि बृजभूषण शरण सिंह और कुलदीप सिंह सेंगर जैसे मामलों में भी पीड़ितों को लंबे समय तक न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ा।
सीहोर से संवाददाता कन्हैया नाथ की रिपोर्ट