1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. मध्यप्रदेश में मूंग खरीदी पर सियासत तेज, कांग्रेस ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का लगाया आरोप

मध्यप्रदेश में मूंग खरीदी पर सियासत तेज, कांग्रेस ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का लगाया आरोप

मध्यप्रदेश में मूंग खरीदी को लेकर कांग्रेस और बीजेपी में सियासी जंग छिड़ गई है। सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने सीहोर जिले के इछावर विधानसभा के पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह पटेल और किसान नेता राहुल राज की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार को घेरा

By: BS Yadav 
Updated:
मध्यप्रदेश में मूंग खरीदी पर सियासत तेज, कांग्रेस ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का लगाया आरोप

सीहोर: मध्यप्रदेश में मूंग खरीदी को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सीहोर जिले में कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया, जबकि भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया।

सोमवार को इछावर विधानसभा के पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह पटेल और किसान नेता राहुल राज ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश सरकार की मूंग खरीदी नीति पर सवाल उठाए। शैलेंद्र पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश एक कृषि प्रधान राज्य है, जहां लगभग 75 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है, लेकिन इसके बावजूद किसान अपनी उपज का उचित मूल्य न मिलने के कारण लगातार आंदोलन करने को मजबूर हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा 3 जुलाई से मूंग खरीदी का कोटा 40 प्रतिशत बढ़ाने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक उसे लागू नहीं किया गया। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जब गुजरात में प्रति हेक्टेयर 12 क्विंटल (लगभग 5 क्विंटल प्रति एकड़) मूंग की खरीदी की जा रही है, तो मध्यप्रदेश में किसानों के लिए खरीदी की सीमा काफी कम क्यों रखी गई है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि देश में “एक देश, एक विधान” की बात की जाती है, तो किसानों के लिए अलग-अलग राज्यों में अलग नियम क्यों लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से किसानों की पूरी उपज की 100 प्रतिशत मूंग खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार कभी मूंग की गुणवत्ता पर सवाल उठाकर उसे “जहरीला” बताने का प्रयास करती है, जबकि किसान, खेत और फसल वही हैं। पार्टी का कहना है कि सरकार किसानों के साथ भेदभाव कर रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

रिपोर्ट : जितेंद्र सिंह दांगी

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...