1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. खकनार वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: साढ़े 8 क्विंटल अवैध सलाई गोंद के साथ पिकअप जब्त

खकनार वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: साढ़े 8 क्विंटल अवैध सलाई गोंद के साथ पिकअप जब्त

​डोईफोड़िया क्षेत्र के गोंद माफियाओं पर कार्रवाई। भूसे की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी खेप।

By: Naredra 
Updated:
खकनार वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: साढ़े 8 क्विंटल अवैध सलाई गोंद के साथ पिकअप जब्त

​बुरहानपुर जिले में सलाई गोंद के दोहन पर लगे प्रतिबंध के बावजूद माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। इस बार वन विभाग की टीम में माफियाओं पर कार्रवाई की। खकनार रेंजर रितेश उईके के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर लगभग साढ़े आठ क्विंटल अवैध सलाई गोंद से भरी एक पिकअप गाड़ी जब्त की है।

​जानकारी के अनुसार, खकनार रेंजर रितेश उईके को रविवार सुबह करीब 6 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सलाई गोंद तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही रेंजर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम को देखते ही वाहन चालक चाबी लेकर मौके से फरार हो गया।

जब टीम ने लावारिस हालत में खड़े वाहन की जांच की, तो उसमें ऊपर सफेद बोरियों में गेहूं का भूसा भरा हुआ था ताकि किसी को शक न हो। लेकिन जब भूसे की बोरियों को हटाया गया, तो नीचे भारी मात्रा में सलाई गोंद बरामद हुआ।

​सूत्रों की मानें तो इस अवैध कारोबार के तार ग्राम डोईफोड़िया से जुड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में गोंद निकालने से लेकर उसे खपाने तक का एक बड़ा सिंडिकेट सालों से सक्रिय है। प्रतिबंध के बाद ये माफिया और ज्यादा सक्रिय हो गए हैं और पेड़ों को बुरी तरह नुकसान पहुंचाकर गोंद निकाल रहे हैं।

रेंजर रितेश उईके ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि भूसे के नीचे गोंद ले जाया जा रहा है। मौके से करीब 8.5 क्विंटल गोंद जब्त किया गया है। वाहन चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। वाहन मालिक और अन्य संबंधितों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्यवाही की जा रही है।

बुरहानपुर से संवाददाता महेन्द्र मालवीय की रिपोर्ट

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...