शिवपुरीः मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश भर में साइबर सुरक्षा, साइबर अपराधों एवं म्यूल खातों पर प्रतिबंध लगाने के लिए प्रदेश स्तर पर ‘आपरेशन मेट्रिक्स’ चलाया जा रहा है, ‘ऑपरेशन मेट्रिक्स’ में फर्जी बैंक खातों का संचालन करने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार प्रयास कर कार्यवाही की जा रही है।
इसी के अंतर्गत पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविंद कुमार सक्सेना एवं पुलिस उप महानिरीक्षक ग्वालियर रेंज अमित सांघी द्वारा साइबर अपराधों में कमी लाने हेतु फर्जी बैंक खाता धारकों के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिसके बाद पिछोर SDOP प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर पिछोर पुलिस द्वारा ग्राम कछौआ के जंगल में दबिश दी गई, जिसमें कुछ लोग खुद को पुलिस बता रहे थे और लोगों को डरा धमका कर साइबर ठगी कर रहे थे। मौके पर पुलिस टीम ने पहुंचकर 03 लोगों को गिरफ्तार किया जबकि 03 लोग मौके से फरार हो गये। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से एक कार, 3 मोबाइल और 60 हजार रुपये नगद जब्त किये।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि उनके द्वारा अब तक साइबर ठगी के माध्यम से लगभग 01 करोड़ से अधिक रुपये कमाये गये, जो उन्होंने मकान, प्लॉट, वाहन, शादी समारोह आदि में खर्च कर दिए। फिलहाल पुलिस फ़रार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।