बुरहानपुर शहर में नगर निगम का डिवाइडर निर्माण कार्य अब आम जनता के लिए राहत नहीं बल्कि बड़ी मुसीबत बनता जा रहा है। गणपति थाना से संवारा चौराहे तक चल रहे इस निर्माण कार्य में हो रही लगातार देरी ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सड़क पर उड़ती धूल, घंटों लगने वाला ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित यातायात ने हालात बदतर बना दिए हैं।
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान न तो सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं और न ही ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस योजना बनाई गई है। दुकानदारों का कहना है कि यहां हर दिन जाम लगता है, ग्राहक भी परेशान होकर लौट जाते हैं, जिससे व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है। रोजेदारों और मजदूरों को भी इस स्थिति का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। धूल और प्रदूषण के बीच काम करना उनकी मजबूरी बन गई है। लोगों का कहना है कि कई बार नगर निगम को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
गुस्साए नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कोई समाधान नहीं निकाला गया, तो वे सड़क पर उतरकर चक्का जाम करने को मजबूर होंगे। जहां नगर निगम विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है।