छिंदवाड़ाः मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव 26 मार्च को छिंदवाड़ा ज़िले में हुई बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों से मिलने के लिए ग्राम करेर तहसील मोहखेड विधानसभा सौंसर पहुँचे।

छिंदवाड़ा जिले की मोहखेड़ तहसील के ग्राम करेर पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने बस दुर्घटना में मृतक के परिजनों से भेंट की और उन्हें सांत्वना प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार उनके साथ में है। दुर्घटना में घायलों का अच्छे से अच्छा इलाज कराया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर मृतकों के निकटम परिजनों को चार-चार लाख रूपये की सहायता राशि और गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये की सहायत राशि प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा है कि सभी घायलों का इलाज निःशुल्क किया जाएगा। राजधानी भोपाल में स्वास्थ्य विभाग में नियंत्रण कक्ष बनाकर सभी घायलों के उपचार की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।
मुख्यमंत्री अपने सभी कार्यक्रमों को रद्द करते हुए खुद मृतक के परिजनों और घायलों से मिलने करेर गांव पहुंचे थे। इससे पहले गुरुवार को दुर्घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने जिले के प्रभारी मंत्री को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए और प्रभारी मंत्री तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे जहां उन्होंने राहत और बचाव कार्य जानकारी ली और घायलों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतक के परिजनों और घायलों को तत्काल राहत राशि की घोषणा कर बड़ी राहत दी है।