रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
राजस्थान : महिलाओं के खिलाफ अपराध का ग्राफ दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है । राजस्थान से एक ऐसा ही मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां नर्सिंग कर्मी ने वेंटिलेटर पर लेटी महिला की मजबूरी का फायदा उठाया और उसके साथ दरिंदगी की। महिला ने अगले दिन अस्पताल पहुंचे पति को आपबीति बतायी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है।
दरअसल, राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार रात ड्यूटी पर तैनात एक मेल नर्सिंग कर्मचारी ने ICU में भर्ती महिला के साथ अश्लील हरकत की । बता दें कि महिला का हाल ही में ऑपरेशन हुआ था । जिसके चलते उसके मुंह पर मास्क लगा था, वहीं दोनों हाथ भी बंधे थे। लिहाजा आरोपी शख्स ने महिला की मजबूरी का फायदा उठाया । घटना के दौरान महिला रातभर रोती रही ।
पुलिस सूत्रों की मानें तो ‘चित्रकूट थाना पुलिस ने बलात्कार का मामला दर्ज कर जांच के बाद मंगलवार रात को आरोपी नर्सिंगकर्मी को गिरफ्तार कर लिया ।’ मामले को लेकर उन्होंने बताया कि ‘शैल्बी हॉस्पिटल के आइसीयू में हुई इस घटना को लेकर पूछताछ में महिला मरीज ने छेड़छाड़ की बात बतायी है, जो की बलात्कार की श्रेणी में आता है। लिहाजा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला आइसीयू में भर्ती थी और उसके मुंह पर ऑक्सीजन लगा हुआ था, वो बेसुध थी । इसी बीच देर रात एक मेल नर्सिंग स्टाफ आया, उसने पहले अर्द्धचेतना को चेक किया, उसे टच करके देखा , इसके बाद अश्लील हरकतें करता रहा ।
बताया जा रहा है कि घटना की रात अस्पताल में महिला स्टाफ भी मौजूद थी। लेकिन आरोपी नर्सिंगकर्मी महिला स्टाफ के बजाय खुद ही महिला मरीज के वॅार्ड में पहुंच गया । वहीं, पुलिस का ये भी कहना है कि अभी जांच जारी है। इस मामले में मेल नर्सिंग कर्मी के अलावा अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उनका कहना है कि अस्पताल के बाहर तो सीसीटीवी लगे है, लेकिन आइसीयू में नहीं है, ऐसे में सभी से पूछताछ की जा रही है।
इसके अलावा महिला पेशेंट के पति ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी को इलाज के लिए जयपुर के शैल्बी अस्पताल में भर्ती कराया था । तबीयत खराब होने की वजह से शाम को उसका ऑपरेशन किया गया था । आईसीयू में किसी का रुकना अलाउड नहीं था । अस्पताल की तरफ से कहा गया कि जरूरत पड़ने पर उनको बुला लिया जाएगा, इसीलिए वह घर चला गया । इसी दौरान रात में यह घिनौनी हरकत हुई।